प्रेस विज्ञप्ति
03 सितंबर 2026 - आज एनकेएम लायंस पब्लिक स्कूल, खरहरकुड़ा, माड़वारानी, कोरबा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। विद्यालय के नन्हें-मुन्ने बच्चों ने राधा-कृष्ण के मनमोहक वेश में सजकर भजन, नृत्य और कृष्ण-लीला की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। मटकी फोड़ कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसमें सभी बच्चों ने बढ़-चढ़कर उत्साह के साथ भाग लिया और पूरे परिसर को "हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की" के जयघोष से गुंजायमान कर दिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती शोमा सोनी जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस प्रकार के पर्व बच्चों को हमारी भारतीय संस्कृति और संस्कारों से जोड़ते हैं। भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें सत्य, प्रेम और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
विद्यालय की अध्यक्ष श्रीमती खुशबू आशीष अग्रवाल जी ने सभी बच्चों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और कहा कि बच्चों की छिपी हुई प्रतिभा को मंच प्रदान करना ही विद्यालय का मुख्य उद्देश्य है।
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।